

नई दिल्ली Exclusive: देश से इस समय दुखदायी खबर सामने आ रही है। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट की पहली महिला जज और तमिलनाडु की पूर्व राज्यपाल फातिमा बीवी का आज निधन हो गया है। वह 96 वर्ष की थी।
न्यायमूर्ति बीवी को बढ़ती उम्र संबंधी बीमारियों के कारण कुछ दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका शव पतनमतिट्टा में स्थित उनके आवास वापस लाया जा रहा है। पतनमतिट्टा जुमा मस्जिद में कल आखिरी रस्में निभाई जाएंगी।
बता दें कि, फातिमा बीवी का जन्म केरल के पतनमतिट्टा जिले में अप्रैल 1927 में हुआ था। उन्होंने ‘कैथोलिकेट हाई स्कूल’ से स्कूली शिक्षा पूरी की और फिर तिरुवनंतपुरम स्थित ‘यूनिवर्सिटी कॉलेज’ से बीएससी की डिग्री हासिल की।
वह 1989 में सुप्रीम कोर्ट की पहली महिला जज बनीं थीं। 1992 में वहां से सेवानिवृत्त हुईं। बीवी ने रिटायर होने के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की सदस्य के रूप में कार्य किया। वह 1997 में तमिलनाडु की राज्यपाल बनीं।




